समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खां द्वारा हैदराबादी बिरयानी को लेकर दिए गए बयान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता हाजी शहजाद खान ने अपने आवास पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को हैदराबादी बिरयानी की दावत दी। मीडिया से बातचीत करते हुए एआईएमआईएम के बिजनौर और हापुड़ जिलों के प्रभारी हाजी शहजाद खान ने कहा कि जेल में रहने के कारण संभवतः आजम खां यह भूल गए हैं कि क्षेत्र की जनता को क्या स्वाद पसंद है। उन्होंने जौहर विश्वविद्यालय के मामले का जिक्र करते हुए दावा किया कि जब मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर संकट आया था, तब एआईएमआईएम के कार्यकर्ता ही सबसे पहले समर्थन में उतरे थे और प्रदेश भर के जिलाधिकारी मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपे थे।