फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर अमेठी में सड़क पर उतरे युवा

अमेठी में आरक्षण व्यवस्था में बदलाव और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के प्रस्तावित प्रावधानों की समीक्षा की मांग को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में युवा सड़क पर उतर आए। गौरीगंज के रायबरेली रोड स्थित लोदी वीर बाबा के पास युवाओं ने धरना शुरू कर सरकार से आरक्षण व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से शासन तक पहुंचाने की बात कही। जिलाधिकारी अमेठी को संबोधित ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए है। उनका उद्देश्य किसी जाति, वर्ग या समुदाय का विरोध करना नहीं है। वे ऐसी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, जिसमें समानता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ वास्तविक जरूरतमंदों के हितों का ध्यान रखा जाए। प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण व्यवस्था की व्यापक समीक्षा, पात्र और जरूरतमंद लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था तथा पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि आरक्षण व्यवस्था में समय के साथ आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए। यूजीसी से जुड़े प्रस्तावित प्रावधानों को लेकर विद्यार्थियों और संबंधित पक्षों की चिंताओं को सुनने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि किसी नई नीति या कानून को लागू करने से पहले उसके सामाजिक और शैक्षणिक प्रभावों पर व्यापक विचार-विमर्श होना चाहिए। युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े विषयों पर सरकार को संवाद और परामर्श की व्यवस्था करनी चाहिए। धरना स्थल पर पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा। पुलिसकर्मियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की। प्रदर्शन में गौरीगंज करणी सेना के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ आदर्श प्रताप सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, राणा सुरेश सिंह बैस, सर्वेश प्रताप सिंह, हिमांशु सिंह पथिक, सुरेंद्र प्रकाश सिंह, अभिषेक सिंह बैस और आदित्य सिंह समेत स्वर्ण समाज अमेठी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें