आलापुर (अंबेडकरनगर)। रामनगर-न्योरी मुख्य मार्ग पर गोहनरपुर के पास सोमवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके साथ जा रहे दो युवक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों युवक बाइक से लखमीपुर स्थित अपने ननिहाल जा रहे थे। अचलीपुर गांव निवासी अंकुर पांडेय पुत्र मुन्ना पांडेय अपने साथी प्रवेश पांडेय पुत्र संतोष पांडेय निवासी अचलीपुर और आजम अली पुत्र कौशर अली निवासी गोरथानी के साथ स्प्लेंडर बाइक संख्या यूपी 50 डीके 7518 से जा रहे थे। गोहनरपुर के पास पहुंचने पर ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अंकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रवेश और आजम घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई। दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लेकर आलापुर कोतवाली में खड़ा कराया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।