अप्रैल माह में जैतपुर क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात में वांछित चल रहे सीतापुर निवासी 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को शुक्रवार शाम करीब 6:00 बजे पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जैतपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश की पहचान पप्पू पुत्र चंद्रिका प्रसाद, निवासी ग्वारी चमारन का पुरवा, थाना थानगांव, जनपद सीतापुर रूप में हुई है। वह अप्रैल माह में जैतपुर क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। शुक्रवार को जैतपुर पुलिस क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब 6:02 बजे ग्राम जैतपुर स्थित लल्ला सिंह की बाग के पास पुलिस टीम की बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार बदमाश की ओर से फायरिंग किए जाने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। चोरी के सोने के जेवर समेत तमंचा बरामद पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, चोरी की एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां और ₹1,750 नकद बरामद किए हैं। तीन जिलों में दर्ज हैं करीब 26 मुकदमे क्षेत्राधिकार अनूप कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार पप्पू का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ अम्बेडकरनगर, आजमगढ़ और गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर अपराधों के करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं।