जलालपुर नगर में सोमवार शाम श्रीरामलीला समिति की ओर से अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी के नेतृत्व में गौ-चरावन मेले की पारंपरिक शोभायात्रा निकाली गई। पलटू साहब मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा रामलीला मैदान पहुंची। इसमें श्रीकृष्ण, बलराम और गौ माता से जुड़ी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और गौ माता की पूजा-अर्चना से हुई। समिति अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी, पलटू साहब मंदिर के महंत राम प्रसाद दास, आनंद मिश्र, मेला प्रभारी बेचन पांडे, मानिकचंद सोनी और विकास निषाद ने पूजा की। महंत राम प्रसाद दास ने नंद बाबा की भूमिका निभाई। शोभायात्रा में कलाकारों ने श्रीकृष्ण और बलराम का स्वरूप धारण किया। झांकियों के माध्यम से गौ-चरावन की प्रस्तुति की गई। नगर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए शोभायात्रा रामलीला मैदान पहुंची। रामलीला मैदान में मेले के लिए विभिन्न दुकानें और स्टॉल लगाए गए। इनमें जंपिंग झूला, नाश्ते की दुकानें, श्रृंगार सामग्री और बच्चों के खिलौनों के स्टॉल शामिल रहे। बच्चों की भीड़ झूलों और खिलौनों के आसपास रही। इस दौरान संजीव मिश्र, शिवराम मिश्र, महामंत्री सुरेश गुप्ता, कृष्ण गोपाल गुप्ता, अतुल जायसवाल, सोनू गौड़, दुर्गेश गुप्ता, सुजीत सैनी व अन्य उपस्थित रहे।