आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत अंबेडकरनगर: जिले में दोपहर बाद शुरू हुई बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। हालांकि कई क्षेत्रों में बारिश मुसीबत भी बन गई। बसखारी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बिजली गिरने से 65 वर्षीय बुजुर्ग सतीराम पुत्र बीपत की मौत हो गई। हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे संदहा मजगवां (मुसरा) निवासी सतीराम के साथ हुआ। बताया जा रहा है कि सतीराम बसखारी बाजार से घर लौट रहे थे। नाऊनगर चौराहे के पास डड़वापुर में वह पानी पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोग उन्हें तत्काल सीएचसी बसखारी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक अरुण कुमार ने शव मेडिकल कॉलेज भेज दिया। थाना निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।