अकराबाद के गांव सुहावली में बृहस्पतिवार की दोपहर एक मकान से लाखों रुपये के जेवरात चोरी हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की है। गांव सुहावली निवासी प्रेमवती ने पुलिस को बताया कि उनके पति बुधवार को जहारवीर बाबा के दर्शन करने गए थे। बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे प्रेमवती खेत पर चारा लेने गई थीं। उन्होंने घर में ताला लगाया था। वापस लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा और सामान बिखरा मिला। चोर दीवार कूदकर घर में घुसे और कमरे का ताला तोड़कर बक्से से चोरी की। चोरों ने तीन हजार रुपये की नकदी और करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चुराए। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।