आगरा के फतेहपुर सीकरी में होटल में खाने के दौरान गाली-गलौज का विरोध करने पर पांच लोगों ने युवकों के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में दो युवक घायल हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। तहरीर के अनुसार तेहरा रावत निवासी रामकुमार अपने साथी सुजान, नागेंद्र और अमित तिवारी के साथ छह अक्तूबर की रात गुलिस्ता पार्किंग के सामने होटल पर खाना खाने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान जाजऊ निवासी अशोक और उसके चार अज्ञात साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने होटल का शटर बंद कर दिया और चारों युवकों के साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट में सुजान के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि रामकुमार के सिर में भी अंदरूनी चोट लगी। अन्य दो साथियों ने बीच-बचाव कर अपनी जान बचाई। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। एसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है।