आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव सांधन में शुक्रवार को बाइक खड़ी करने पर हुए विवाद में एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया गया। पीड़ित ने थाना अछनेरा में सात नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गांव सांधन निवासी जुगेंद्र पुत्र बाबूलाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शुक्रवार को वह अपने घर के पास बैठे थे। इसी दौरान उनके कुछ रिश्तेदार वहां से गुजर रहे थे और उन्हें देखकर रुक गए। आरोप है कि उसी रास्ते से गांव झुंडावई निवासी एक युवक बाइक लेकर गुजर रहा था। रास्ते में बाइक खड़ी करने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर झुंडावई निवासी युवक ने फोन करके अपने घर से अन्य लोगों को बुला लिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से जुगेन्द्र और वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ मारपीट कर दी। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया वायरल वीडियो और पीड़ित की तहरीर की जांच की जा रही है।