प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने वाली लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति योजना की सौगात बुधवार को मथुरा को भी मिली। योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक ठा. मेघश्याम सिंह, विधायक प्रतिनिधि पवन प्रकाश, जिलाधिकारी सीपी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे तथा ग्रामीण अभियांत्रिकी परियोजना अधिकारी एके उपाध्याय, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उपायुक्त वीबीजी राम जी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के के आर्य सहित अधिकारी मौजूद रहे। बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को योजना की जानकारी देने के साथ निशुल्क बस यात्रा की सुविधा से अवगत कराया गया। योजना को महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सुगम आवागमन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रदेश स्तर पर संचालित ‘नारी शक्ति, नव समाज की असली शक्ति’ की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। योजना के माध्यम से वरिष्ठ महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षित और निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।