आगरा में तीन अलग-अलग क्षेत्रों में 8 से 10 सितंबर के बीच पंपिंग स्टेशनों पर बने भूमिगत जलाशयों की सफाई का काम होने के कारण पानी की आपूर्ति ठप रहेगी। जलकल विभाग मंगलवार से बृहस्पतिवार के बीच सफाई कार्य कराएगा, जिससे सुबह और शाम को होने वाली जलापूर्ति बंद रखी जाएगी। जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि तीन दिन में तीन जलाशयों को साफ करने की योजना है। शास्त्रीपुरम, हलवाई की बगीची और संजय प्लेस जोनल पंपिंग स्टेशनों के सीडब्ल्यूआर (पानी के भूमिगत जलाशय) और टैंकों की सफाई का काम किया जाना है। 8 सितंबर मंगलवार को शास्त्रीपुरम में सफाई होगी, जिस वजह से इससे पोषित क्षेत्रों शास्त्रीपुरम, पश्चिमपुरी, सिकंदरा-बोदला रोड की कॉलोनियों में पूरे दिन जलापूर्ति ठप रहेगी। 9 सितंबर बुधवार को हलवाई की बगीची जोनल पंंपिंग स्टेशन के जलाशय साफ होंगे, जिससे कैलाशपुरी, आवास विकास कॉलोनी के सभी 16 सेक्टर, बोदला, जगदीशपुरा, किशोरपुरा, हलवाई की बगीची और इससे जुड़ी कॉलोनियों में जलापूर्ति नहीं होगी। 10 सितंबर बृहस्पतिवार को संजय प्लेस में काम होने के कारण संजय प्लेस, खटीकपाड़ा, मंडी सईद खां, घटिया आजम खां, बाग मुजफ्फर खां, वजीरपुरा, संजय प्लेस एचआईजी फ्लैट्स, पीर कल्याणी और सेंट पीटर्स कॉलोनी के आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो पाएगी। हर दिन दो लाख से ज्यादा लोगों को पानी का संकट झेलना होगा।