आगरा के मलपुरा में नहर दक्षिणी बाईपास जखोदा स्थित किरण पेट्रोल पंप पर रविवार दोपहर करीब एक बजे दो युवक पहुंच थे। दोनों में किसी बात पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई, इसी दौरान एक युवक ने पेट्रोल पंप कर्मचारी पर चाकू से वार कर दिया, चाकू लगने से कर्मचारी घायल हो गया, शोर मचने पर पंप के दूसरे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। पंप संचालक रवि मोहन शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। वहीं, पंप कर्मचारी जतिन निवासी मुंडेहरा ने बताया कि वह पंप के ऑफिस से बाहर आया तो दोनों युवक गाली-गलौज कर रहे थे, इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। इसके बाद पंप के अन्य कर्मचारी भी वहां पहुंच गए और दोनों युवकों को पकड़ लिया। थाना मलपुरा प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पंप कर्मचारी और दोनों युवकों का रास्ते में पहले विवाद हुआ था, रोहता की तरफ जाते समय दोनों की बाइक आपस में टकरा गई थी। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।