आगरा के रोहता-मलपुरा नहर बाईपास पर मलपुरा नहर चौराहे के पास बुधवार दोपहर तेज गति से आ रहे डंपर ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक भूपेंद्र सिंह कुशवाहा (53) की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शिक्षक उसमें फंस गए। बताया गया है कि भूपेंद्र कुशवाहा पुत्र निरंजन सिंह कुशवाहा, कैलाश मंदिर के पास, थाना सिकंदरा क्षेत्र के निवासी थे। वह खेरागढ़ क्षेत्र के चीत गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। बुधवार दोपहर वह विद्यालय से कार द्वारा अपने घर सिकंदरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मलपुरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे शिक्षक को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना पर थाना मलपुरा पुलिस भी मौके पर पहुंची। रेस्क्यू कर शिक्षक को कार से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। थाना मलपुरा प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।