देश की राजधानी में शनिवार को जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को निरस्त करने की घोषणा की है। शनिवार को नई दिल्ली के लिए आगरा से जाने वाली और यहां से गुजरने वाली करीब एक दर्जन ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके कारण बसों में भीड़ बढ़ेगी और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। रेलवे के अनुसार आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी (14211), रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस (12156) निरस्त, धौलपुर-नई दिल्ली पैसेंजर (64073), आगरा सिटी-गाजियाबाद ईएमयू 10 अक्तूबर को निरस्त की गई है। शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस (12155) शुक्रवार को भी निरस्त रही। इसके अलावा जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (22181), महाकौशल एक्सप्रेस (12189), मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति (12121), यूपी संपर्क क्रांति (12447), हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी (12301), सियालदह-नई दिल्ली राजधानी (12313) और मुंबई सीएसएमटी-हजरत निजामुद्दीन राजधानी (22221) 9 अक्तूबर को निरस्त रही। 10 अक्तूबर को भी इन ट्रेनों का संचालन नहीं होगा। शुक्रवार को कई यात्रियों ने टिकट निरस्त कराकर रिफंड लिया।