आगरा के जैतपुर के गढ़वार गांव के मोहित तोमर ने शनिवार की दोपहर 1 बजे 112 नंबर डायल कर पीआरवी को सूचना दी कि गोली चल रही है। सूचना से पुलिस महकमे में अफरा तफरी मच गई। भारी फोर्स के साथ जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामला चकमार्ग को जोतने के विवाद का निकला। तब कहीं जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। एसीपी बाह जितेन्द्र कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंची जैतपुर पुलिस की पड़ताल में गोलीबारी की सूचना असत्य मिली है। बिना पैमाइश के चकमार्ग को जोते जाने का मामला सामने आया है। मौके से एक ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने पर सीज किया गया है। तीन लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया है। गढ़वार गांव में बलवीर सिंह तोमर एवं पूर्व प्रधान धर्म सिंह के बीच चकमार्ग की जमीन का विवाद है। जैतपुर पुलिस ने बताया कि बिना पैमाइश के शनिवार की दोपहर धर्म सिंह पक्ष द्वारा चकमार्ग को जोता जा रहा था। बलवीर सिंह तोमर पक्ष ने सरकारी चकमार्ग को जोते जाने का विरोध किया था। बलवीर सिंह तोमर के भतीजे मोहित सिंह ने पीआरवी को दूसरे पक्ष पर गोली चलाने की सूचना दी थी। जिससे पुलिस महकमे में अफरा तफरी मच गई। आधा घंटे में ही गढ़वार गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस के मुताबिक बिना पैमाइश के चकमार्ग को जोते जाने को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो रहा था। पुलिस से भी झड़प हुई है। चर्चा पुलिस कर्मी से अभद्रता किए जाने की भी हो रही है। हालांकि पुलिस ने अभद्रता की बात से इंकार किया है। चकमार्ग पर कब्जे के लिए चलाए जा रहे ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में लिया है। मौके से धर्म सिंह के बेटे हाकिम सिंह, संजय सिंह तथा शिकायतकर्ता मोहित को गिरफ्तार किया है। जैतपुर पुलिस ने बताया कि चकमार्ग की पैमाइश के लिए उप जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी। पैमाइश के बाद ही चकमार्ग की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।