आगरा के हरीपर्वत थानाक्षेत्र में डेस्टिनेशन वेडिंग से हुई एक करोड़ की शादी छह महीने भी नहीं चल सकी। महिला एक मल्टीनेशनल कंपनी में है। महिला का आरोप है कि शादी के अगले ही दिन पति ने ऐसी घिनौनी शर्त रख दी कि वह मानसिक तनाव और उसके बाद अवसाद में चली गई। मामले में पुलिस ने पति समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने पति और ससुरालियों पर दहेज की मांग, मानसिक उत्पीड़न, मारपीट और निजी डाटा चोरी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 20 अप्रैल 2026 को हुई थी। 18 से 21 अप्रैल तक एक मशहूर रिसॉर्ट में डेस्टिनेशन वेडिंग के आयोजन हुए। शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च हुए।