आगरा के धनौली में चल रहे दवाओं के अवैध गोदाम के तार कोतवाली के पूर्व में संचालित हे मां मेडिको के संचालक हिमांशु अग्रवाल से जुड़े मिले हैं। एसटीएफ इंस्पेक्टर को एक करोड़ की रिश्वत देने के आरोप में हिमांशु को एक साल पहले जेल भेजा गया था। हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने टेढ़ी बगिया में गोदाम खोल लिया। धनौली में भी उसके गोदाम से दवाएं सप्लाई हुई थीं। औषधि विभाग की टीम ने मंगलवार को करीब पांच करोड़ रुपये कीमत की दवाएं जब्त की हैं। पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सरगना हाथ नहीं आया है, पुलिस ने तीन गुर्गों को बुधवार को जेल भेजा।