आगरा के लोहामंडी क्षेत्र के खातीपाड़ा में एक बंद मकान के अंदर से मकान मालिक सोमनाथ तिवारी का शव मिला है। पुलिस के अनुसार, बुधवार से मकान के अंदर कूलर चलने की आवाज आ रही थी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला था। बृहस्पतिवार की देर रात पड़ोसियों को शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ा, जिसके बाद मकान मालिक सोमनाथ तिवारी का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण बीमारी प्रतीत होता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घर में किसी अन्य व्यक्ति के आने की पुष्टि नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।