आगरा के इरादतनगर में ग्राम पंचायत सूरजपुरा में जमीन की पैमाइश और कब्जे के विवाद को लेकर बुधवार को तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की। तहसीलदार फतेहाबाद शेखर मिश्रा के निर्देश पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और गाटा संख्या 205,206,207 व 208 से संबंधित मामले में अभिलेखों के आधार पर पैमाइश की कार्रवाई की। गौरतलब है कि सूरजपुरा निवासी रामगोपाल और रंजीत सिंह ने उक्त गाटा संख्याओं की पैमाइश कराकर जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की थी। शिकायत के निस्तारण के लिए तहसीलदार फतेहाबाद ने राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र सिंह सोनी सहित पांच सदस्यीय राजस्व टीम गठित की थी। बुधवार को नायब तहसीलदार शमसाबाद के नेतृत्व में टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने पैमाइश कर निजी और सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त करा कर अलग किया गया। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में हुई कार्रवाई से गांव में हलचल रही। लंबे समय से चल रहे जमीन संबंधी विवाद के निस्तारण के लिए ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुईं थी। फतेहाबाद तहसीलदार शेखर मिश्रा ने बताया कि सीमांकन करके ग्राम समाज की भूमि को अलग किया गया व निजी भूमि को अलग किया गया।