आगरा के बाह के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की बाउंड्रीवाल के निर्माण में मजदूरी कर रहे रामबाग आगरा के मजदूर रवी का सिर और मुंह ईंटों से कूंचे जाने के मामले में बाह पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। अस्पताल से घायल को चिंताजनक हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर किया गया है। रामबाग आगरा की सरोज ने बाह थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी के मुताबिक वह अपने पति रवी, बेटी प्राची के साथ बाह में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की बाउंड्रीवाल के निर्माण में मजदूरी को आई थी। रविवार रात 8.30 बजे रवी का साथी मजदूर कृष्णा से कहासुनी और विवाद हुआ था, जिससे बौखलाए कृष्णा ने रवी को पटक कर ईंटों से सिर और मुंह कूंच दिया। इससे रवी अचेत हो गया। फिर भी कृष्णा ने डंडों से पिटाई की। बेटी की चीख पर वह बचाने पहुंची तो वह जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। खून से लथपथ रवी को लेकर सरोज बाह सीएचसी पर पहुंची। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाह पुलिस ने सरोज की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच एवं आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।