आगरा-कानपुर हाइवे पर नगला परमसुख के पास मंगलवार तड़के एक आयशर कैंटर से भैंस का शव हाइवे किनारे बाउंड्री की खाई में फेंकने का मामला सामने आया। ग्रामीणों ने भैंस चोरी की होने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से चार-पांच लोगों को हिरासत में लिया है। ग्रामीण चौकीदार पंचम सिंह के मुताबिक मंगलवार तड़के करीब तीन बजे पांच अज्ञात लोग कैंटर से एक भैंस को उतारकर नीचे डाल रहे थे। विरोध करने पर आरोपी कैंटर लेकर जाने लगे, लेकिन कुछ दूर आगे कैंटर नाले में फंस गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। धर्मेंद्र यादव ने बताया कि वह सुबह दूध लेने के लिए यहां आते हैं। उन्होंने 112 पर पुलिस को सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों को अपने साथ ले गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अलोक कुमार सिंह ने बताया कि भैंस के गले पर कट का निशान मिला है। भैस को चिकित्सकिय परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।