फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिमला: सात कलाकारों की कलाकृतियों में उभरी शिमला की सात पहाड़ियों की कहानी, गेयटी थिएटर में सजी अनूठी प्रदर्शनी

राजधानी शिमला की सात पहाड़ियों की खूबसूरती, संस्कृति और बदलते स्वरूप को सात कलाकारों ने अपनी कला के रंगों में पिरोया है। ऐतिहासिक गेयटी थिएटर के टेवरन हॉल में शुक्रवार से तीन दिवसीय समूह कला प्रदर्शनी ‘द सेवन रिजेज’ का शुभारंभ हुआ। 15 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में सात कलाकारों ने अपनी अलग-अलग कला शैलियों, माध्यमों और रचनात्मक सोच के जरिए शिमला की पहाड़ियों की कहानी को एक अनूठे अंदाज में प्रस्तुत किया है। शिमला की सात विशिष्ट पहाड़ियों से प्रेरित इस प्रदर्शनी में हर कलाकार का काम एक अलग दृष्टिकोण और रचनात्मक अनुभव को सामने लाता है। यहां पारंपरिक चित्रकला से लेकर आधुनिक कला, मूर्तिकला, जलरंग और प्रिंटमेकिंग तक के विविध रूप देखने को मिल रहे हैं। प्रदर्शनी में विक्रम एस. तामांग की कांगड़ा लघु चित्रकला विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं प्रवीण रावत ने हिमाचली संस्कृति, देवी-देवताओं, लोककथाओं और पहाड़ी जीवन को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से कैनवास पर उतारा है। आदित्य सिंह ठाकुर ने रंगीन और कार्टून शैली के जरिए पहाड़ी शहरों के बदलते स्वरूप को दर्शाया है। उनकी कलाकृतियों में तेजी से फैलते कंक्रीट के जंगल और शहरी बदलाव की झलक दिखाई देती है। वहीं मेघा चौहान ने मिट्टी की कलाकृतियों, मूर्तियों, रेजिन आर्ट और सजावटी शिल्प के माध्यम से अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित की है। प्रदर्शनी में विकास खाम के जलरंगों से बने फूलों के चित्र भी दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। अश्विनी राणा ने अपनी रहस्यमयी पर्वतीय दृश्यावलियों के माध्यम से पहाड़ों के अलग-अलग रंगों और भावों को प्रस्तुत किया है। वहीं विकास रॉय की प्रिंटमेकिंग कलाकृतियां प्रदर्शनी में कला का एक अलग आयाम जोड़ रही हैं। ‘द सेवन रिजेज’ के माध्यम से सातों कलाकारों ने अपनी व्यक्तिगत कला दृष्टि को शिमला की पहाड़ियों से जोड़ने का प्रयास किया है। ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में सजी यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों को विभिन्न माध्यमों और शैलियों के जरिए पहाड़ी शहर को एक नए नजरिए से देखने का अवसर दे रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें