राजधानी शिमला के गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सनातन धर्म सभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भजन-कीर्तन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। महिलाओं ने कान्हा के भजनों पर जमकर नृत्य किया और कृष्ण भक्ति में लीन नजर आईं। कार्यक्रम के लिए यमुनानगर से विशेष भजन-कीर्तन टीम को बुलाया गया था, जिसने भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को खूब झुमाया। जन्माष्टमी के मौके पर मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ी रही। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और भजन-कीर्तन में हिस्सा लेकर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया। इस अवसर पर गंज बाजार में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।