फोरलेन टनल निर्माण के कारण भवनों में दरारें आने का मामला सामने आने के बाद शांति विहार में प्रभावित भवन मालिकों ने पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से मुलाकात की। सामुदायिक भवन में हुई इस बैठक के दौरान लोगों ने निर्माण कार्य से उनकी संपत्तियों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई। प्रभावित भवन मालिकों ने मंत्री से आग्रह किया कि विकास कार्यों के कारण लोगों के घरों और संपत्तियों को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने टनल निर्माण के मौजूदा सर्वे में बदलाव करने की मांग भी उठाई। बैठक में भवन मालिकों ने कहा कि टनल निर्माण से उनके भवनों में आई दरारों को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने और उनकी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करवाने का आग्रह किया। प्रभावितों की प्रमुख मांग है कि टनल निर्माण की योजना और सर्वे पर दोबारा विचार किया जाए, ताकि भवनों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके। पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने भवन मालिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रभावित लोगों से एक कमेटी गठित करने को कहा, ताकि उनकी मांगों और समस्याओं को व्यवस्थित रूप से सरकार के सामने रखा जा सके। मंत्री ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही प्रभावित भवन मालिकों की मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाएंगे। इससे प्रभावितों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखने का अवसर मिलेगा। बैठक में मंत्री के साथ पहुंचे एडीएम प्रोटोकॉल जीएस नेगी ने प्रभावित भवन मालिकों को अब तक मामले में हुई कार्रवाई और उपलब्ध जानकारी से अवगत करवाया। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी लोगों के सामने रखी। अब प्रभावित भवन मालिकों को मुख्यमंत्री से प्रस्तावित मुलाकात और उनकी मांगों पर होने वाली कार्रवाई का इंतजार है।