आज के दौर में बच्चों और युवाओं को नशे जैसी गंभीर समस्या के साथ-साथ साइबर अपराध से भी सतर्क रहने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मैहली में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे के दुष्प्रभावों और साइबर क्राइम से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। एएसपी गौरवजीत सिंह ने छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि नशे की शुरुआत कई बार छोटी आदत से होती है, लेकिन इसका असर व्यक्ति के जीवन और भविष्य पर गंभीर पड़ सकता है। उन्होंने छात्रों को नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में साइबर क्राइम भी चर्चा का प्रमुख विषय रहा। एएसपी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ इससे बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने छात्रों को सतर्क रहने और ऑनलाइन दुनिया में सावधानी बरतने के महत्व को समझाया, ताकि वे साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे वे नशे और साइबर अपराध जैसी चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझ सकें। स्कूल प्रधानाचार्य सुमन चंदेल ने पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम में समय देकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए एएसपी गौरवजीत सिंह का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बेहद उपयोगी हैं, क्योंकि इससे उन्हें समाज में मौजूद चुनौतियों के प्रति सजग होने का अवसर मिलता है।