मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की सभा को लेकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने निशाना साधते हुए कहा कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे। वहीं, जोधपुर के निकाय चुनाव में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम पर बोलते हुए शेखावत ने कहा कि कांग्रेस का एक और पटाखा फुस होने वाला है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर आला प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए शेखावत ने राहुल गांधी की सभा को लेकर कहा, 'राहुल गांधी जी ने कल जिस तरह का आचरण और व्यवहार किया, हालांकि उनके पिछले व्यवहार के इतिहास को देखते हुए कोई नया नहीं था, लेकिन अपने ही देश के प्रधानमंत्री को लेकर इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकतें सार्वजनिक मंच पर करना, मैं मानता हूं कि अशोभनीय और निंदनीय है। उन्होंने कहा, 'तब मैंने कहा कि आप सरनेम किसी से चुरा सकते हैं, लेकिन वह लिगेसी और उस सरनेम के साथ जुड़ी हुई परिपक्वता, गंभीरता और जिम्मेदारी का पूर्ण आचरण करने का व्यवहार आप केवल सरनेम से नहीं कर सकते। भगवान से प्रार्थना है कि उनको सद्बुद्धि दे और उनके पीछे खड़े लोगों को भी सद्बुद्धि दे।'
ये भी पढ़ें- कौन हैं बाड़मेर की रुचिका मालू?: जिन्होंने सीए बनने का सपना छोड़ा, अब आचार्य महाश्रमण से लेंगी दीक्षा; वीडियो
निकाय चुनाव पर बोले शेखावत
निकाय चुनाव से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि हाइब्रिड मॉडल पर प्रत्याशी कांग्रेस द्वारा उतारा गया है और यह नियम-कानून के कायदे में है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि आज के लिए ही शायद कांग्रेस पार्टी ने यह संशोधन किया था, सरकार में रहते हुए। लेकिन शहर के मतदाताओं ने पहले से ही अपना मानस व्यक्त कर दिया है। बोर्ड के मेंबर्स जो चुने गए हैं, उन्होंने अपना मानस व्यक्त कर दिया है।' शेखावत ने कहा कि कुछ झूठ और अफवाहें फैलाने की चेष्टाएं दो दिन पहले की गई थीं। उन्होंने कहा कि रात को एक राजनीतिक ड्रामा और हाई वोल्टेज ड्रामा क्रिएट करने की कोशिश पुलिस थाने में की गई और बाद में सुबह होते-होते वह पटाखा फुस हो गया। उन्होंने कहा, 'एक और पटाखा फुस होने वाला है।' जोधपुर नगर निगम चुनाव के शुरुआती नतीजों में भाजपा और कांग्रेस 44-44 वार्डों पर रही थीं और निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण बनी थी। बाद के घटनाक्रम में भाजपा ने निर्दलीयों के समर्थन से बहुमत का दावा किया है।