नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत जालंधर सीआईए स्टाफ की टीम ने गांव कोट कला चौक के नजदीक पटवारी ढाबे के पास कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फिल्लौर निवासी दिलप्रीत सिंह और कमलदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 5 किलो हेरोइन और 1.50 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दो तस्कर शहर में नशे की सप्लाई देने के लिए आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ट्रैप लगाकर दोनों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान दिलप्रीत सिंह के कब्जे से 2.5 किलो हेरोइन और 80 हजार रुपये की ड्रग मनी, जबकि कमलदीप सिंह के कब्जे से 2.5 किलो हेरोइन और 70 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कैंट में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 2 अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। सीपी ने बताया कि नामजद आरोपियों के घरों पर भी पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वे फरार मिले। पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों से सामने आया है कि वे पहले भी नशे की सप्लाई कर चुके हैं और अब दूसरी बार नशे की खेप सप्लाई करने के लिए आए थे। पुलिस जांच के अनुसार दोनों आरोपी नशे की सप्लाई के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। वे कार से आए थे और गाड़ी को कुछ दूरी पर खड़ा किया गया था। पुलिस ने कार चालक और वाहन को भी ट्रैक कर लिया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर उनके आगे-पीछे के नशा तस्करी नेटवर्क और सप्लाई लिंक का पता लगाया जाएगा।