जालंधर के मुस्लिम कॉलोनी इलाके में मंगलवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी मां-बेटी को कुचल दिया। हादसे में दोनों घायल हो गईं और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो का करीब 2 किलोमीटर तक फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने पीछा किया, जिसके चलते चालक तेज रफ्तार में संकरी गलियों में घुस गया। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो का पीछा अमन फतेह गैंग से जुड़े बताए जा रहे युवकों द्वारा किए जाने की बात सामने आई है। बचने के प्रयास में स्कॉर्पियो सूर्य एन्क्लेव से दमोरिया पुल की ओर निकली और रविदास स्कूल के पास एक रेहड़ी को टक्कर मारते हुए मुस्लिम कॉलोनी की तंग गलियों में पहुंच गई। जाम में फंसने के दौरान गाड़ी ने सड़क किनारे मौजूद सुखप्रीत कौर और उनकी बेटी को चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय वहां से निकलने की कोशिश की। कुछ दूरी पर स्कॉर्पियो फंस गई, जिसके बाद उसमें सवार कपूरथला के बताए जा रहे युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर उसमें से दो बैग बरामद किए हैं। बैग में क्या मिला और दोनों पक्षों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी, इसकी पुलिस जांच कर रही है। थाना रामामंडी के जांच अधिकारी सुरजीत सिंह के अनुसार, कंट्रोल रूम से मुस्लिम कॉलोनी में महिला के घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन कब्जे में ले लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच जारी है तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।