फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जालंधर में आनंद मेडिकल स्टोर पर पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की रेड, 100 से ज्यादा नशीली गोलियां बरामद

पंजाब सरकार की नशों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के तहत बस्ती बावा खेल अड्डे के पास स्थित आनंद मेडिकल स्टोर और प्रभजोत मेडिकल स्टोर पर पुलिस व ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर अमित बांसल, एसीपी आतिश भाटिया और थाना प्रभारी संजीव सूरी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मेडिकल स्टोर के साथ दुकान संचालक आनंद के घर पर भी दबिश दी और बाप-बेटे को हिरासत में लिया। एसीपी आतिश भाटिया के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि मेडिकल स्टोर पर नशीली गोलियां बेची जा रही हैं। इसके बाद पुलिस ने ग्राहक बनाकर एक व्यक्ति को दवाइयां खरीदने भेजा, जो कथित तौर पर 1,000 रुपये की नशीली दवाइयां लेकर आया। इसके बाद बस्ती बावा खेल थाना, थाना नंबर-5 और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने संयुक्त रूप से रेड की। जांच के दौरान आरोप है कि गोलियों को पत्तों से निकालकर खुले रूप में दूसरे डिब्बे में रखकर बेचा जा रहा था। पुलिस के अनुसार, अब तक 100 से अधिक नशीली गोलियां बरामद की जा चुकी हैं और अन्य ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। एसीपी ने बताया कि संबंधित मेडिकल स्टोर पर पहले भी कार्रवाई की गई थी और संचालक को जेल भेजा गया था। अब दोबारा कथित तौर पर नशीली गोलियां बेचने की सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई है। ड्रग इंस्पेक्टर को लाइसेंस रद्द करने के लिए पत्र लिखने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके साथ ही दुकान को सील करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें