जालंधर के गुरु नानक नगर स्थित मोहल्ला दिल्ली कॉलोनी में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस जांच के दौरान नया खुलासा हुआ है। कमिश्नरेट पुलिस ने मामले में पुलिस को गुमराह करने के आरोप में साहिल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, फायरिंग करने वाले दो व्यक्तियों की भी पहचान कर ली गई है। पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एडीसीपी-1 मुख्तियार राय ने बताया कि 4 नवंबर की रात थाना डिवीजन नंबर-1 के अंतर्गत गुरु नानक नगर, मोहल्ला दिल्ली कॉलोनी में फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां साहिल नामक व्यक्ति ने शिकायत दी कि दो व्यक्तियों ने उस पर और उसकी कार पर गोलियां चलाई हैं। साहिल के बयानों के आधार पर थाना डिवीजन नंबर-1 में मुकदमा नंबर 359/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले साहिल और दूसरी पार्टी के बीच एक-दूसरे के परिवार की महिलाओं से फोन पर कथित तौर पर गलत तरीके से बातचीत करने को लेकर विवाद हुआ था। इसके अलावा दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर भी झगड़ा चल रहा था।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि साहिल ने घटना के संबंध में सही तथ्य पेश नहीं किए और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने साहिल को भी गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी-1 मुख्तियार राय ने बताया कि फायरिंग करने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है और जल्द उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया है। मामले की आगे की जांच जारी है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।