केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा की रैली में पहुंचने से पहले पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष और जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर के घर पहुंचे। अचानक तय हुए इस कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने करीब 45 मिनट तक राठौर के घर रुककर लंच किया। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे। राकेश राठौर के मुताबिक, लंच के दौरान पंजाब से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बातचीत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों और रोडमैप, पंजाब को नशामुक्त बनाने की रणनीति तथा पार्टी के संगठनात्मक विस्तार सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। राठौर ने कहा कि अमित शाह का उनके घर आना उनके लिए बेहद खुशी और सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री के घर आने का कार्यक्रम अचानक तय हुआ था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने करीब 45 मिनट परिवार के साथ बिताए और विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। राठौर ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का उनके घर आकर लंच करना उनके लिए यादगार और विशेष पल है।