लंबित मांगों और विभिन्न मुद्दों को लेकर देशभर की बैंक यूनियनों ने आज हड़ताल का फैसला किया है। इसका असर जालंधर में भी सरकारी बैंकों की कई शाखाओं के कामकाज पर देखने को मिला। कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण बैंक शाखाओं में पहुंचने वाले ग्राहकों को कई सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और अन्य ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध रहने के कारण कुछ बैंकिंग कार्य इन माध्यमों से किए जा सकते हैं। हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार व बैंक प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। पीएनबी स्टाफ यूनियन के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी विनोद शर्मा ने बताया कि ऑल इंडिया स्तर पर हड़ताल रखी गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) से संबंधित मांगों पर कार्रवाई समेत कई अन्य लंबित मुद्दे शामिल हैं। विनोद शर्मा के अनुसार, बैंकिंग क्षेत्र में कर्मचारियों पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने 2024 में 5 दिन के बैंकिंग सप्ताह पर सहमति जताई थी, लेकिन अब केंद्र सरकार इस मुद्दे पर टालमटौल कर रही है।