फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांव सिहोड़ा कलां को मिला मुख्यमंत्री खेल ग्राउंड का तोहफा

विधानसभा हलका भोआ के गांव सिहोड़ा कलां को पंजाब सरकार द्वारा एक बड़ा तोहफा देते हुए करीब 40 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया मुख्यमंत्री खेल मैदान युवाओं को समर्पित किया गया। कैबिनेट मंत्री पंजाब लाल चंद कटारूचक ने एक विशेष समारोह के दौरान रोशनियों से जगमगाते इस आधुनिक खेल मैदान का उद्घाटन किया। खेल ग्राउंड मिलने से गांववासियों और युवाओं में खुशी की लहर है। मंत्री ने कहा कि पंजाब भर में 509 खेल मैदान लोगों को समर्पित किए गए हैं। विधानसभा हलका भोआ में करीब 30 खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से आज 6 खेल मैदानों का उद्घाटन करके लोगों को समर्पित किया गया है। 400 मीटर ट्रैक, हाईमास्ट लाइटें और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं कटारूचक ने कहा कि सिहोड़ा कलां में तैयार किया गया खेल ग्राउंड गांव स्तर पर खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ग्राउंड में 400 मीटर का ट्रैक, हाईमास्ट लाइटें और ट्रैक के चारों ओर फुट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे युवा शाम और रात के समय भी खेल गतिविधियां कर सकेंगे। खिलाड़ियों के लिए वॉलीबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों का सामान मुहैया करवाया गया है। इसके अलावा गहरा बोर करके पीने के पानी का प्रबंध किया गया है। लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालयों के साथ-साथ दिव्यांग व्यक्तियों के लिए भी अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों का खेल सामान रखने के लिए अलग कमरा भी बनाया गया है। आने वाले दिनों में सरकार द्वारा खिलाड़ियों की सहायता के लिए कोच की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब की धरती पर खेलों के प्रति लोगों में पहले से ही बड़ा उत्साह है और पंजाब ने देश को कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। पंजाब सरकार का उद्देश्य युवाओं को खेल मैदानों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को सही दिशा देना है। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान के साथ युवाओं को खेलों की ओर लाना भी बेहद जरूरी है, ताकि वे स्वस्थ जीवन व्यतीत करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने गांव की ग्राम पंचायत और समस्त इलाकावासियों को खेल ग्राउंड की बधाई देते हुए खेल विभाग के अधिकारियों और इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में मेहनत करने वाले कर्मचारियों का धन्यवाद किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें