पंजाब में नशे का खतरा अब बच्चों तक पहुंचने की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। थाना सुभानपुर पुलिस ने कथित तौर पर नशे का सेवन करने वाले दो नाबालिग सगे भाइयों को समीपवर्ती गांव काबू कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया है। दोनों बच्चों की उम्र 10 और 13 वर्ष बताई जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। सिविल अस्पताल कपूरथला के ड्यूटी डॉक्टर जशन ने बताया कि थाना सुभानपुर के प्रभारी अमनदीप नाहर दोनों बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बच्चों की स्थिति को देखते हुए बाल रोग विशेषज्ञ और नशा मुक्ति केंद्र के डॉक्टर से बातचीत की गई। इसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है मां बच्चों की मां ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है और वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती है। उसके बच्चे घर पर ही रहते हैं। हालांकि, उसे इस बात की जानकारी नहीं है कि बच्चे कथित तौर पर नशे की लत का शिकार कैसे हुए। थाना सुभानपुर के प्रभारी अमनदीप नाहर ने बताया कि एक बच्चे का कथित तौर पर नशे का सेवन करते हुए वीडियो वायरल हो रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और गांव से दोनों नाबालिग भाइयों को काबू कर लिया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति की ओर से बच्चों को नशा दिए जाने की बात सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।