ममदोट पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को एक किलो तीन ग्राम हेरोइन और एक बाइक सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना ममदोट में तैनात एएसआई सतिंदरपाल सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर खास से सूचना मिली कि आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ बंटी पुत्र गुरदीप सिंह और आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश पुत्र गुरबख्श सिंह, निवासी गांव राऊके हिठाड़ हेरोइन बेचने का धंधा करते हैं। वे आज भी हेरोइन की खेप लेकर खाईफेमीकी के पास नहर के किनारे बने कच्चे रास्ते से बाइक पर सवार होकर टी-प्वाइंट की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक किलो तीन ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने हेरोइन और बाइक को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।