फिरोजपुर एसडीएम अभिषेक शर्मा ने सोमवार को शहर की दाना मंडी का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में धान की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और बोरियों में भरे धान की जांच की। इसके अलावा मंडी में किसानों द्वारा लाई गई धान की ढेरियों को भी चेक किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बोरियों में भरे धान की नमी की मात्रा की भी जांच की, ताकि सरकारी खरीद के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। एसडीएम ने संबंधित इंस्पेक्टरों से किसानों के खातों में लंबित भुगतान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की फसल की खरीद के बाद भुगतान में देरी न की जाए और लंबित राशि जल्द से जल्द किसानों के खातों में जमा करवाई जाए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न आने देने के निर्देश भी दिए।