होशियारपुर-दसूहा मार्ग पर गांव भीखोवाल के पास गांव मुरादपुर में स्कूल बस पलट गई। हादसे में दो-तीन बच्चों को मामूली चोटें आईं। बस पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाजें सुन लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार एक निजी स्कूल की बस बच्चों को ला रही थी। जब वह गांव मुरादपुर के पास पहुंची तो एक स्कूटी सवार को बचाते हुए बस ड्राइवर ने बस को सड़क किनारे मोड़ा। इसी दाैरान अचानक बस खेत में पलट गई। इससे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 30 बच्चे सवार थे। हादसे में किसी बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई। दो-तीन बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधक और पुलिस मौके पर पहुंचे। गांव के लोगों और राहगीरों ने भी घटना स्थल पर रुककर बच्चों को बाहर निकालने में मदद की।