फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पठानकोट में पंजाब कांग्रेस के सह-प्रभारी सूरज ठाकुर ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पंजाब सह-प्रभारी सूरज ठाकुर ने पठानकोट जिला कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में पंजाब कांग्रेस के कोषाध्यक्ष एवं पठानकोट के पूर्व विधायक अमित विज, सुजानपुर के विधायक नरेश पुरी और भोआ के पूर्व विधायक जोगिंदर पाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने वीडियो कॉल के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए पूरी मेहनत से कार्य करने के निर्देश दिए। सूरज ठाकुर ने पंजाब में बढ़ते नशे, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, विकास की कमी, बेरोजगारी, महंगाई और जनता से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा की। बैठक का मुख्य विषय चल रहा “वोट चोरी” विवाद तथा चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर उठ रहे गंभीर प्रश्न थे। बैठक में उन समाचारों पर चिंता व्यक्त की गई जिनके अनुसार चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कथित रूप से उनकी जानकारी के बिना लिए गए निर्णयों, फॉर्म-6 में बदलाव, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं के नाम हटाने और दोबारा जोड़ने तथा चुनावी आंकड़ों के केंद्रीकरण एवं नियंत्रण से संबंधित मामलों पर आपत्तियां दर्ज करवाई थीं। ठाकुर ने कहा कि “वोट चोरी” केवल मतों की चोरी नहीं, बल्कि लोकतंत्र की हत्या और संविधान पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर के माध्यम से सत्ता बनाए रखना चाहती है और उसी सत्ता का इस्तेमाल देश की संपत्ति तथा निर्णय लेने की शक्ति को कुछ चुनिंदा लोगों के हाथों में केंद्रित करने के लिए कर रही है। कहा कि यदि सरकार स्वतंत्र और निष्पक्ष जनादेश से नहीं बनती, तो वह जनता के प्रति जवाबदेह नहीं रहती। इससे संस्थाएं कमजोर होती हैं, संवैधानिक निकायों पर दबाव बढ़ता है और आम नागरिक की आवाज दब जाती है। इसके परिणाम महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ती आर्थिक असमानता, प्रश्नपत्र लीक तथा नीट जैसी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के रूप में दिखाई दे रहे हैं, जिनसे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के रुख का समर्थन करते हुए सूरज ठाकुर और पठानकोट जिला कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे अथवा संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें पद से हटाने की मांग की। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में समयबद्ध और निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता एवं कानूनी अनुपालन सुनिश्चित होने तक विशेष गहन पुनरीक्षण पर रोक, विवादित निर्णयों की संसदीय समिति से समीक्षा तथा मतदाता सूची, सॉफ्टवेयर प्रणाली, नाम हटाने और दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया का स्वतंत्र ऑडिट करवाने की मांग की। नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूचियों की जांच करने और लोकतंत्र, संविधान तथा प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा के आंदोलन को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें