फरीदकोट में सादिक रोड स्थित रजवाहे में नहाते समय डूबे बलबीर बस्ती निवासी 12 वर्षीय अनमोल का शव मंगलवार को बरामद होने के बाद परिजनों और मोहल्ला निवासियों ने थाना सिटी के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अनमोल के साथ गए तीनों साथियों व उनके परिवारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर रोष जताया। 7वीं कक्षा का छात्र अनमोल रविवार को तीन साथियों के साथ रजवाहे में नहाने गया था। तेज बहाव की चपेट में आने से वह पानी में बह गया। आरोप है कि उसके साथियों ने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। जांच में उसके रजवाहे में डूबने की बात सामने आई। मंगलवार को शव मिलने के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि साथियों ने करीब 24 घंटे तक घटना छिपाए रखी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। थाना सिटी के कार्यकारी एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस के आग्रह पर परिवार ने धरना समाप्त कर दिया।