फिरोजपुर जिले के लोगों को केमिकल रंगों से मुक्त और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जीरा विधानसभा क्षेत्र के मल्लांवाला ब्लॉक में फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अभिनव कुमार ने खानपान की दुकानों और रेहड़ियों की जांच की। इस दौरान उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की और दुकानदारों को साफ-सुथरा एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। खाद्य पदार्थों में घटिया पनीर का इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा और मिठाइयों की भी जांच की जाएगी। जांच के दौरान कई दुकानदारों के पास खाद्य सुरक्षा संबंधी लाइसेंस नहीं पाए गए। ऐसे दुकानदारों को जल्द लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने दुकानदारों को नियमों का पालन करने और खाद्य पदार्थों में अनावश्यक केमिकल रंगों का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी।