कोटकपूरा की नई अनाज मंडी में टीआर एग्रो इंडस्ट्री से करीब 55 करोड़ रुपये की लेनदारी को लेकर आढ़ती एसोसिएशन का रोष धरना वीरवार को लगातार 20वें दिन भी जारी रहा। इस धरने में फरीदकोट के पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक और युवा कांग्रेस नेता शाहबाज सिंह संधू विशेष तौर पर शामिल हुए। उन्होंने संबंधित फर्म पर अपने साथियों के साथ विश्वासघात करने के आरोप लगाए। पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक ने आढ़ती एसोसिएशन से पूरे मामले की लिखित शिकायत देने का आह्वान किया, ताकि इस मामले में कार्रवाई के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपील भेजी जा सके। उन्होंने कहा कि संबंधित फर्म ने अपने साथी व्यापारियों के साथ विश्वासघात किया है और यह रुझान कारोबार को प्रभावित करता है। इस दौरान कांग्रेस के युवा नेता शाहबाज सिंह संधू ने आढ़ती एसोसिएशन को भरोसा दिलाया कि वह इस संघर्ष में पूरी तनदेही के साथ उनका साथ देंगे। उन्होंने कहा कि यदि उनके पास सत्ता होती तो आढ़तियों को अपने ही पैसों की वसूली के लिए इस तरह धरना देने की जरूरत नहीं पड़ती। इस मौके पर आढ़ती एसोसिएशन के जिला प्रधान ऊधम सिंह औलख और कोटकपूरा प्रधान उमेश गर्ग ने सहयोग देने वाले राजनीतिक नेताओं और विभिन्न संगठनों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आढ़तियों का यह धरना लेनदेन का पूरा निपटारा होने तक जारी रहेगा। इस संघर्ष को कई सामाजिक, व्यापारिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से समर्थन दिया जा चुका है।