फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोटकपूरा में गैस लीकेज से घर में लगी आग, धमाके के साथ फटे दो सिलिंडर

कोटकपूरा की लब्बू राम स्ट्रीट में डेरा सत करतार के पास सोमवार सुबह गैस लीकेज के कारण एक घर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में घर में रखे दो गैस सिलिंडर धमाके के साथ फट गए। हादसे में घर का अधिकतर सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जानी नुकसान होने से बच गया। जानकारी के अनुसार, श्याम लाल धींगड़ा अपने परिवार सहित सोमवार सुबह एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए श्री मुक्तसर साहिब गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने उनके घर से धुआं निकलते देखा। देखते ही देखते आग तेज हो गई और कुछ समय बाद घर के अंदर से धमाके की आवाज सुनाई दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग की विकराल स्थिति को देखते हुए बाद में दूसरी बड़ी फायर टेंडर भी मौके पर बुलाया गया। फायर कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा फर्नीचर, घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं जलकर राख हो चुकी थीं।  फायर अधिकारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस लीकेज के कारण आग लगने की आशंका है। आग के दौरान दो गैस सिलेंडर फट गए। उन्होंने बताया कि पहले एक छोटी गाड़ी मौके पर भेजी गई थी, लेकिन आग ज्यादा होने के कारण दूसरी बड़ी गाड़ी भी बुलानी पड़ी। दोनों गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। परिवार के अनुसार आग में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हुआ है। श्याम लाल धींगड़ा और पड़ोसियों ने प्रशासन व सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें