शनिवार को फिरोजपुर पुलिस ने जिलेभर में चिह्नित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में व्यापक घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (कासो) चलाया। इस दौरान पुलिस ने नशा तस्करों और उनके नेटवर्क पर कार्रवाई करने के साथ-साथ वांछित आरोपियों, भगोड़े अपराधियों और अन्य असामाजिक तत्वों को पकड़ने पर विशेष ध्यान दिया। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले में उपलब्ध अधिकतम पुलिस बल तैनात किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पुलिस टीमों ने संदिग्ध स्थानों पर घेराबंदी कर तलाशी ली। गांव बजीदपुर में चलाए गए अभियान का नेतृत्व फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने स्वयं मौके पर पहुंचकर किया। इसके अलावा फिरोजपुर शहर, गुरुहरसहाय, फिरोजपुर ग्रामीण और जीरा उपमंडलों में भी संबंधित उपमंडल पुलिस अधिकारियों (एसडीपीओ) की सीधी निगरानी में एक साथ तलाशी अभियान चलाए गए।