फिरोजपुर के हुसैनीवाला बॉर्डर से सटे गांव चांदी वाला में पुलिस प्रशासन ने वीरवार शाम नशा तस्कर के मकान पर पीला पंजा चलाकर उसे गिरा दिया। पुलिस के मुताबिक मकान के मालिक सोना सिंह पुत्र बोगा सिंह के खिलाफ 800 ग्राम हेरोइन बरामदगी का मामला दर्ज है और वह फिलहाल जेल में बंद है। मकान गिराए जाने के दौरान सोना सिंह की बहन जोता रानी ने बताया कि यह मकान उसके पिता बोगा सिंह ने मेहनत-मजदूरी कर वर्ष 2005 में बनवाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मकान गिराने से पहले प्रशासन की ओर से परिवार को कोई नोटिस नहीं दिया गया। उसकी मां किसी बीमार रिश्तेदार का हालचाल जानने के लिए फिरोजपुर से बाहर गई हुई है, जबकि उसका भाई सोना सिंह जेल में बंद है। जोता रानी ने कहा कि यह मकान नशे की कमाई से नहीं, बल्कि उसके पिता की मेहनत की कमाई से बनाया गया था। उसके भाई के खिलाफ करीब चार माह पहले नशे के मामले में केस दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था। उधर, डीएसपी ने बताया कि सोना सिंह को 800 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था और उसके खिलाफ मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि उक्त मकान सरकारी जमीन पर बना हुआ था, इसलिए सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के लिए मकान गिराया गया है। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार और पटवारी भी मौके पर मौजूद थे। वहीं, पीड़ित परिवार के रिश्तेदार सुरजीत सिंह ने प्रशासन के दावे को खारिज करते हुए कहा कि उक्त जमीन सरकारी नहीं है और इसकी मालिकी परिवार के पास है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी नोटिस या पूर्व सूचना के मकान गिरा दिया गया।