फिरोजपुर छावनी के शनि मंदिर के नजदीक गली में दो साल के बच्चे को आवारा कुत्ते द्वारा नोचकर घायल किए जाने की घटना के बाद कैंटोनमेंट बोर्ड हरकत में आ गया है। बुधवार सुबह बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान शुरू किया। टीम ने आसपास की गलियों में घूम रहे कुत्तों को पकड़ना शुरू किया, ताकि लोगों और खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए आवारा कुत्तों को एक सेंटर में ले जाकर रखा जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है, जिससे लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने बोर्ड से मांग की है कि अभियान को केवल एक-दो दिन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि छावनी क्षेत्र में लगातार निगरानी कर आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।