अग्रवाल सभा कोटकपूरा की ओर से 11 अक्टूबर रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती श्रद्धा, भावना और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस संबंध में सभा के अध्यक्ष सुभाष गोयल, सचिव भूषण मित्तल, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग तथा युवा विंग के अध्यक्ष आशु गर्ग गप्पा ने जानकारी देते हुए बताया कि जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक भारत विकास परिषद के सहयोग से अग्रवाल भवन में विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसी दिन रात 8 बजे से 10 बजे तक भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें भजन गायक संजीव शर्मा के नेतृत्व में कीर्तनीय सदा हरि द्वारा प्रभु महिमा का गुणगान किया जाएगा। भजन संध्या के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए लंगर भी लगाया जाएगा। सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर अग्रवाल परिवारों को नकद राशि देकर सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिल सके। उन्होंने आगे बताया कि अग्रवाल सभा के सहयोग से राजन हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर में भी 11 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निःशुल्क मेडिकल जांच शिविर लगाया जाएगा। इसमें लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। सभा के पदाधिकारियों ने शहरवासियों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।