नंगल के किलन एरिया में आज बीबीएमबी मैनेजमेंट ने दो मकानों को ध्वस्त कर दिया। इनमें से एक मकान बन कर पूरी तरह तैयार था जबकि दूसरे मकान के कमरे की छत पर लैंटर डाला जाना था। मैनेजमेंट के अधिकारियों ने कहा कि ध्वस्त किए गए दोनों मकान का निर्माण अवैध तौर पर किया गया था जबकि एक मकान के मालिक ने कहा कि बीबीएमबी मैनेजमेंट द्वारा इस कार्रवाई से पहले किसी भी तरह का नोटिस जारी नही किया गया। जानकारी के अनुसार, बीबीएमबी इनफोर्समेंट विभाग के एसडीओ प्रदीप चौधरी सीआईएसफ जवानों व पीले पंजे के साथ किलन एरिया पंहुची। सबसे पहले उन्होंने सुभाष चंद्र के मकान के एक कमरे पर पीला पंजा चलाया और उससे चंद कदमों पर ही एक और निर्माणाधीन बिल्डिंग पर भी मैनेजमेंट ने पीला पंजा चला दिया। बीबीएमबी इंफोर्समेंट विभाग के एसडीओ प्रदीप चौधरी ने कहा कि दोनों ध्वस्त किए गए निर्माण कार्य अवैध थे जिस पर आज हमने पीला पंजा चलाते हुए कार्रवाई की है।