इंटरनेशनल पैशन टाइगर अकादमी की ओर से स्थानीय जनता पैलेस में 15वीं राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। अकादमी के अध्यक्ष जसवंत सिंह पड्डा और सचिव हरमीत सिंह टाइगर के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में पंजाब के विभिन्न जिलों से पहुंचे कराटे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चैंपियनशिप के दौरान लड़के और लड़कियों के अलग-अलग वर्गों में मुकाबले करवाए गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न मुकाबलों में पदक अपने नाम किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं शिक्षा विभाग की अधिकारी मैडम राजिंदर कौर ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से लड़कियों को कराटे सीखने और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर इंटरनेशनल पैशन टाइगर अकादमी के सचिव हरमीत सिंह टाइगर ने बताया कि अकादमी की ओर से पंजाब के विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों को कराटे की नियमित ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अकादमी के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर देश और पंजाब का नाम रोशन कर रहे हैं।