अपराध की दुनिया में चोरी की वारदात के कई हैरान करने वाले मामले सामने आते हैं, लेकिन बठिंडा के गांव भाई बख्तौर में सामने आई घटना ने लोगों को हैरत में डाल दिया। यहां एक व्यक्ति ने श्मशान घाट से मृतक के कृत्रिम घुटने ही चोरी कर लिए। मृतक के परिजनों ने जब अस्थियां चुनने के लिए श्मशान पहुंचकर यह नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। जानकारी के अनुसार गांव भाई बख्तौर निवासी उजागर सिंह (65) की दो दिन पहले मृत्यु हो गई थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने घुटनों में कृत्रिम जोड़ लगवा रखे थे। परिवार ने धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कर दिया। अगले दिन परिवार के सदस्य अस्थियां चुनने के लिए श्मशान घाट पहुंचे तो उन्हें पता चला कि मृतक के शरीर में लगाए गए दोनों कृत्रिम घुटने गायब हैं।