पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कांग्रेस में वापसी की चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया है। सोशल मीडिया पर उनकी कांग्रेस में दोबारा शामिल होने संबंधी चल रही पोस्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए जाखड़ ने इन्हें झूठा और निराधार बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका भाजपा छोड़कर कांग्रेस में लौटने का कोई फैसला नहीं है। जाखड़ ने कहा, मैं भाजपा के साथ हूं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विचार के प्रति प्रतिबद्ध हूं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्टों को हकीकत से दूर बताया और इन अटकलों को खारिज कर दिया। दरअसल, 16 सितंबर को कुछ मीडिया रिपोर्टों में कांग्रेस की ओर से पंजाब के पूर्व नेताओं की ‘घर वापसी’ के प्रयासों का दावा किया गया था। इनमें जाखड़ और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम भी आया। हालांकि, जाखड़ की ओर से जारी स्पष्टीकरण इन दावों के विपरीत है। सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि मैंने कुछ सोशल मीडिया पोस्ट देखी, जिनमें यह सुझाव दिया गया है कि मैं कांग्रेस पार्टी में फिर से शामिल हो रहा हूं। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि ये बातें झूठी और बेबुनियाद हैं और इनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है। मैं बीजेपी के साथ हूं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'सबका साथ, सबका विकास' की विचारधारा के लेकर प्रतिबद्ध हूं।